भोजपुरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भोजपुरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 9 दिसंबर 2010

जारी है अधिकार का जंग


बीते सप्ताह मैं बिहार में था. वहीं मेरे एक अंतरंग मित्र मुझसे मिलने आएं. बातचीत के क्रम में उन्होंने अपने हाल के नेपाल टूर के बारे में बताया और वहां मोबाइल से लिए गए कई फोटोग्राफ्स दिखाए, साथ कुछ वीडियो क्लीप भी दिखाया.

मेरे उस मित्र के बदले यदि कोई दूसरा उन फोटोग्राफ्स या वीडियो को दिखाता तो मैं निश्चित तौर पर कहता कि ये सभी फोटोग्राफ्स या वीडियो बिहार के ही किसी गांव के हैं. लेकिन मैं जानता था कि मेरे मित्र वास्तव में नेपाल गए थे और मोबाइल से तस्वीरें लेना उनका शौक है.

उसी वीडियो क्लीपिंग में मैंने कुछ महिलाओं को छठ का गीत गाते हुए समूह में बढ़ते देखा. ये दृश्य नेपाल के चितवन जिले के तेजापुर के तालाब के किनारे का था.

इसी तरह एक और क्लीपिंग में प्यार हो गइल ओढ़निया वाली से... गीत पर थिरकते नेपाली किशोर दिखे, उन्होंने बताया कि यह दृश्य रौतहट जिले के रघुनाथपुर में एक पान की दुकान के सामने का है.

दरअसल, भारत-नेपाल का संबंध सिर्फ एक पड़ोसी मुल्क का ही नहीं है और न ही दोनों देशों में बीच केवल सांस्कृतिक साझापन ही है, बल्कि बहुत कुछ अनकहा, अनदेखा और अनछुए अनुभव, भावनाएं हैं जो दोनों देशों को एकाकार करते हैं. बावजूद इस एकात्मकता के कभी-कभी कुछ अवारा हवाएं बहुत कुछ हिला जाती हैं, लेकिन उखाड़ नहीं पाती. ऐसी कई घटनाएं अतीत में देखी गई है. यह घटना पुरानी जरुर है लेकिन स्मृति पटल पर अब भी बरकरार है- जब राजशाही के खात्मे के बाद वहां चुने गये देश के पहले उपराष्ट्रपति परमानंद झा ने पद व गोपनीयता की शपथ हिंदी में ली थी तो पूरे देश में इसे ले कर विवाद उभरा. मामला नेपाली सुप्रीम कोर्ट में गया और 13 महीने बाद 24 जुलाई 2009 को सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया कि झा फिर से उपराष्ट्रपति पद की शपथ नेपाली में लें. हालांकि झा ने सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को असंवैधानिक करार देते हुए इसे नेपाल के गैर नेपाली भाषी लोगों का अपमान बताया. उसी तरह नेपाल के पवित्र हिंदू मंदिर पशुपतिनाथ में भारतीय पुजारियों की नियुक्ति के मामले पर भी भारी विवाद हुआ था. अगस्त, 2009 में मंदिर का संचालन करने वाली पशुपति क्षेत्र विकास ट्रस्ट ने दक्षिण भारतीय मुख्य पुजारी महाबलेश्वर भट्ट के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया, जिन्हें दो नये पुजारियों के नाम के बारे में सुझाव देना था. हालांकि माओवादियों ने इसका विरोध करते हुए चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा हुआ तो पूरे नेपाल में उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे. सत्तासीन माओवादी नीत सरकार ने एक नया कानून बना कर नेपाली पुजारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी थी. इस नियम को उच्चतम न्यायालय में चुनौती भी दी गई. उल्लेखनीय है कि मंदिर में भारतीय पुजारियों के रखे जाने की 300 साल पुरानी परंपरा रही है. यूं तो ये नेपाल के आंतरिक मामले हैं और कहा गया कि इनका भारत से क्या लेना-देना? लेकिन सच्चाई यह है कि ये दोनों मामले आपस में जुड़े हुए हैं. यह नेपाल के कुछ कट्टरपंथियों का भारत पर सीधा प्रहार था. बावजूद इसके नेपाल में वह पारंपरिक नेपाल-भारत साझापन अटूट बना रहा. जिसकी बानगी के रूप में उपरोक्त वीडियो क्लीपिंग है.

वास्तव में नेपाल में भोजपुरी, मैथिली बोलने वाले लोग जिनकी संपर्क भाषा हिंदी है, वे मधेशी कहलाते हैं. नेपाल के भोजपुरिया जिलों- रौतहट, बारा, पर्सा, चितवन, नवलपरासी और रूपंदेही में तकरीबन 2.5 लाख भोजपुरी भाषी है जो नेपाल की कुल आबादी का 9 प्रतिशत है. त्रिभुवन विश्वविद्यालय के सीएनएएस के एक अध्ययन रिपोर्ट के 14 वें अंक के मुताबिक नेपाल में मैथिली भाषी 11.1 प्रतिशत, भोजपुरी भाषी 9.5 प्रतिशत और थारू भाषी 3.6 प्रतिशत हैं.

इतनी बड़ी आबादी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय रेडियो स्टेशनों में कुछ रेडियो स्टेशन भोजपुरी में समाचार व मनोरंजन सामग्री का प्रसारण कर रहे हैं. भोजपुरी के लोकप्रिय नेपाली रेडियो स्टेशेनों में गदीमाई एफएम, इंद्राणी एफएम, विजय एफएम, रुपंदेही एफएम. समयक एफएम, रेडियो बीरगंज, नारायणी एफएम, मस्ती एफएम, नोबेल एफएम, कादंबरी एफएम, रौतहट एफएम, गौर एफएम, रेडियो नमस्ते और मध्यविंदु एफएम शामिल है. इनमें से लगभग सभी एफएम या रेडियो स्टेशन दैनिक समाचार का प्रसारण करते हैं, वहीं नेपाल में भोजपुरी में पांच समाचार पत्रों का प्रकाशन भी हो रहा है. हालांकि इनकी प्रसार संख्या बहुत कम है.

दूसरी ओर पिछले कुछ सालों से नेपाल के मधेशी हमेशा अखबारों की सुर्खियों में रहे हैं. सवाल है कि ये मधेशी है कौन? मधेशी शब्द संस्कृत के ‘मध्य प्रदेश’ से निकला है, जिसका अर्थ है बीच का देश. चूंकि यह बोली तिरहुत की मैथिली और गोरखपुर की भोजपुरी के बीचवाले स्थानों में बोली जाती है, अत: इसका नाम मधेशी पड़ गया. यह बोली मुख्यत: बिहार के चंपारण जिले में बोली जाती है और इसकी लिपि ‘कैथी’ है. इसी तरह ‘थारू’ लोग नेपाल की तराई में रहते हैं. ये उत्तरप्रदेश के बहराइच से चंपारण तक फैले हैं और भोजपुरी बोलते हैं. यह विशेष तौर से उल्लेखनीय है कि गोंडा और बहराइच जिले के थारू लोग भी भोजपुरी बोलते हैं जबकि वहां की भाषा अवधी है. भारत में अंग्रेजों के शासन काल में इस पट्टी से भारी संख्या में लोग नेपाल के तराई क्षेत्रों में गये. इसके पूर्व भी भारत-नेपाल के शाही परिवारों में बेहतर तालमेल होने की वजह से भी लोगों का आना-जाना और बस जाना जारी रहा. इसी क्रम में भारी संख्या में मोतीहारी से लेकर बहराइच तक के लोग नेपाल के तराई क्षेत्र में जा बसे और उसी तरह भारी संख्या में नेपाली भारत के विभिन्न हिस्सों में आ कर बसे. मधेशियों की बड़ी संख्या से तराई क्षेत्र बिहार और उत्तर प्रदेश के हिस्से जैसे लगते हैं. इन सबके बावजूद भारतीय मूल के मधेशी आज भी नेपाल की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए जंग कर रहे हैं. नेपाल की कुल 2.30 करोड़ आबादी में से मधेशियों की संख्या 1 करोड़ से भी अधिक मानी जाती है. विभिन्न इलाकों में इनके पचास से अधिक संगठन कार्यरत हैं. पड़ोसी यूपी तथा बिहार के नागरिकों को उन्होंने 1857 से 1947 के बीच लगातार आजादी के जंग में मदद की. नेपाल में आज भी 40-45 लाख मधेशी लोग नागरिकता से वंचित हैं. लोकतंत्र के नए झोंके में भी मधेशी लोग बहुत सहज नहीं हो सके क्योंकि अरसे से वे माओवादियों के निशाने पर भी रहे हैं. नेपाल की आबादी में करीब 51 फीसदी होकर भी वे यूपीवाले या बिहारी नाम से पुकारे जाते हैं. हिंदी के साथ नेपाल की तराई में मैथिली, भोजपुरी, अवधी तथा थारू बोली जाती है. मधेशी इलाका नेपाल के कुल क्षेत्रफल का 21 फीसदी है और यही इलाका नेपाल का अन्न भंडार भी है.

मधेशियों को नेपाल की मुख्यधारा में ईमानदारी से जोडऩे की कोशिश के तहत 2007 में तत्कालीन नेपाली प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने बातचीत की गुंजाइश बनाई थी. लेकिन इतने समय बीतने के बाद इसमें कोई ठोस प्रगति नहीं हुई. कुछ मिला कर यह नेपाली माओवादियों के ऊपर निर्भर है.

गौरतलब है कि नेपाल में मधेशियों की सामाजिक संरचना बिहार तथा यूपी पर आधारित हैं. मधेशी लोगों में वैसी ही जाति व्यवस्था है. भारत तथा नेपाल के बीच खुली सीमा होने के कारण पुराने जमाने से ही इन भारतीय राज्यों के लोगों से मधेशियों के शादी-ब्याह के रिश्ते रहे हैं. धार्मिक तथा सांस्कृतिक जीवन में भी शायद ही कोई फर्क दिखाई देता हो. लेकिन मधेश या तराई की राजकीय व्यवस्था पर शुरू से ही पहाडिय़ों का एकछत्र अधिकार रहा है. वे अब काफी तादाद में यहां बस गए हैं. राजकीय व्यवस्था में मधेशी हर जगह उपेक्षित हैं और पहाड़ी सम्मानित.

एक तरह से नेपाल में मधेशियों या फिर भोजपुरी भाषियों की भारी संख्या को देखते हुए भोजपुरी का बाजार लगातार बढ़ता जा रहा है लेकिन यह समुदाय नेपाल में एक बड़ी शक्ति होने के बावजूद उपेक्षित है, नेपाली सेना में मधेशियों की भर्ती पर शुरू से ही अघोषित रोक रही है. नेपाली पुलिस में भी उनकी तादाद बेहद मामूली है. राजकीय व्यवस्था ने इस बात का पूरा इंतजाम कर रखा है कि उनका मनोबल गिरा रहे. हालांकि प्रशासनिक सेवा में उनकी स्थिति सेना और पुलिस के मुकाबले कुछ अच्छी जरूर है, लेकिन इसे न तो संतोषजनक कहा जा सकता है और न सम्मानजनक. प्रतिनिधि सभाओं में मधेशियों को उनकी आबादी के हिसाब से कभी सही प्रतिनिधित्व नहीं मिला.

70 के दशक से नागरिकता प्रमाणपत्र से वंचित होते-होते कोई 30 लाख मधेशी अपने ही देश में परायों जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हो गए. अब वे न तो नौकरी के लिए आवेदन कर सकते थे और न ही जमीन-जायदाद खरीद-बेच सकते थे. शुक्र है कि कम से कम नेपाली राज्य ने इस समस्या को गंभीरता से लिया.

ऐसा नहीं कि मधेशी समुदाय ने नेपाल में अपना स्तर सुधारने की कोशिश नहीं की. 1950 के दशक से ही (जब वेदानंद झा के नेतृत्व में तराई कांग्रेस की स्थापना हुई थी) मधेशी राजकीय सुविधाओं के सही बंटवारे की मांग करते रहे हैं. 1959 के पहले आम चुनाव में तराई कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई. 1980 के दशक में मधेशियों की मांगें उठाने के लिए गजेंद्र नारायण सिंह की अगुआई में पहले नेपाल सद्भावना परिषद और फिर नेपाल सद्भावना पार्टी का गठन हुआ. 1991, 1996 तथा 1999 में हुए तीनों आम चुनावों में नेपाल सद्भावना पार्टी ने अपनी संसदीय उपस्थिति दिखाई. दुर्भाग्यवश सीटों की तादाद काफी कम रही. लेकिन इसके बाद से मधेशियों के पक्ष में एक राजनैतिक बयार बहने लगी. पिछले चार चुनावों में मधेशी नेकपा एमाले के लगभग दो सौ सांसदों के मतदान से बाहर रहने की वजह से सर्वाधिक 238 मत मिलने के बाद भी कामरेड प्रचंड प्रधानमंत्री नहीं बन सके. पिछले 30 जून को एमाले पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के त्यागपत्र के बाद वहां प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव अपरिहार्य हो गया. नये प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए 21, 23 जुलाई, 2 और 6 अगस्त को चुनाव हुआ, लेकिन इसके लिए 601 सदस्यों का आधा अर्थात 301 सांसदों का समर्थन कोई नहीं जुटा सका, इसलिए 14 अगस्त को वहां पांचवीं बार चुनाव हुए.

इसके बाद 86 सांसदों वाले मधेशी फोरम को पटाने की रणनीति शुरू हुई. बदले राजनीति माहौल को देखते हुए अब नेकपा माओवादी नेपाल में रहने वाले एक करोड़ भारतीय मूल के नेपाली अर्थात मधेशियों को पटाने का सभी अस्त्र इस्तेमाल कर रहे हैं. इसके मद्देनजर भारत विरोध के लिए जगजाहिर प्रचंड की नेकपा माओवादी पार्टी अब अपने कूटनीतिक बयान से दिल्ली को दोस्ती का नया संकेत दे रही है. इसके अलावा मधेशी दलों के स्वायत्त प्रदेश की मांगों पर गंभीरता से विचार शुरू हो गया है. जो बता रहा है कि नेपाल में उपेक्षित भोजपुरिया या मधेशी समुदाय अपनी ताकत से अपना अधिकार लेने में सफल हो रहे हैं.

मंगलवार, 19 अक्टूबर 2010

बिहार विस चुनावः प्रवासी बिहारियों की कथा-व्यथा

भोजपुरी का एक गीत है, "मत भुलइह परदेसी आपन गांव रे...”
आज यह गीत बिहार गा रहा है. विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 21 अक्टूबर को होने वाला है. राजनीतिक दलों का प्रथम चरण के चुनाव के लिए प्रचार थम गया है. अब सारा जोर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने पर लगा है. चुनाव आयोग अपने संसाधनों से मतदाताओं को उनके मताधिकार के बारे में बताने में लगा है, तो कुछ गैर सरकारी संगठन भी इस मुहिम में ताल ठोक रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ी और चौकाने वाली बात है कि राज्य के लगभग 30 प्रतिशत मतदाता ऐसे हैं जो चाह कर भी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं. इन मतदाताओं पर ना राजनीतिक दलों की दृष्टि है और ना ही चुनाव आयोग की.
ये वो मतदाता है जो सूबे में रोजगार नहीं मिलने की वजह से दूसरे राज्यों में पलायन किए. खुद परदेस में है और परिवार बिहार के गांवों में बसता है. सांस परदेस में लेते हैं लेकिन दिल की धड़कन के लिए ऊर्जा गांव से मिलती है. इन प्रवासियों में तीन तबके हैं और सब के सब मतदाता ही हैं.
एक तबका वैसे मजदूरों का है जो मेहनतकस हैं और दूसरे राज्यों में जाकर असंगठित क्षेत्रों में जांगर तोड़ रहे. सपने धुंआ हो रहे हैं.
दूसरा तबका उन छात्रों का है, जो बेहतर भविष्य का सपना संजोये उच्च शिक्षा के लिए घर से बाहर छात्रावासों में हैं. मतदान करने की उम्र तो हो गई है लेकिन अभी तक मतदान केंद्र तक नहीं जा सके हैं. प्रदेश में सरकार के चयन में अपनी भूमिका सुनिश्चित करना चाहते हैं लेकिन उनके लिए यह संभव नहीं हो पाता.
और तीसरा तबका उन पढ़े-लिखे लोगों का है जो सरकारी या गैर सरकारी नौकरियों में लगे हैं और जहां है वहीं अस्थाई तौर पर सैटल है.
गांव घर से दूर दिन भर रोजी रोजगार के रोजनामचा से जूझने के बाद घर लौटने पर उनकी निगाहें टीवी स्क्रीन पर टिक जाती है. रिमोट पर उंगलिया टहलने लगती है. बिहार से संबंधित खबरें दिखने वाली चैनलों पर आ कर थम जाती है. चाय की चुस्की और नाटकीय ढंग से एंकर का हाल-ए-बयां बिहार सुन कर थोड़ी सकून जरूर मिलती है.
ऐसे समय में वे अपने गांव-देस लौटना चाहते हैं लेकिन क्या यह संभव है.
सुबह अखबार देने वाले से आज मेरी मुलाकात हो गई. उसका कहना है कि हम जितना कमाते हैं उसके अनुसार देखे तो सिर्फ चुनाव के दौरान मतदान करने के लिए जाना संभव नहीं हैं. हालांकि मन तो बहुत करता है.
दिल्ली के विनोद नगर में रहने वाले शिवशंकर मिश्रा का कहना है कि बिहार अपना घर है वहां कि हलचलों से कैसे अलग रहा जा सकता है, लेकिन रोजी-रोटी की समस्या हमें चुनावों से दूर कर देती है. पिछले कुछ वर्षों में बाढ़ और सूखे ने मजदूरों के पलायन को और तेज किया है.
बिहार के सीवान जिले के निवासी व दिल्ली में मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत धनजीत सिंह का कहना है, “सिर्फ वोट देने के लिए बिहार जाना तो संभव नहीं, लेकिन ई-वोटिंग की व्यवस्था होती तो शायद बिहार में मतदान के प्रतिशत में खासी बढ़ोत्तरी होती. ”
खैर, राजनीतिक दलों का तर्क अलग है. उनका कहना है कि चुनाव की तारीख ऐसी है कि छठ में बहुत सारे प्रवासी बिहार अपने घर आते हैं और वे अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रवासी बिहारियों के मत के लिए चुनाव की ताऱीख का निर्धारण छठ और होली जैसे त्योहारों को ध्यान में ही रख कर किए जाएंगे.

मंगलवार, 20 अप्रैल 2010

मिसरी से भी मीठी होती है अपनी भाषा

भोजपुरी गायन में पुरबी को प्रधानता दिलाने वाले गायक भरत शर्मा नवागंतुक भोजपुरी गायकों के लिए प्रेरणा बन गए हैं. भोजपुरी गानों में अश्लीलता व फूहड़पन को खत्म करने के लिए उन्होंने अभियान चला रखा है. भोजपुरी भाषा-संस्कृति और गीतों के संबंध में हमने उनसे की गई बातचीत.

भोजपुरी गायन के क्षेत्र में आपने आज जो मुकाम हासिल किया है, उसके लिए आप किन कारकों को महत्वपूर्ण मानते हैं?

दरअसल, हमारा करियर कभी गायक के रूप में होगा. इसकी कल्पना मैने कभी नहीं की थी. हां हमारे पिता राजेश्वर शर्मा गायक थे. इसलिए गाने-बजाने का माहौल हमें विरासत में मिला. मैंने गांव-देहात में शौकिया रामायण गाना शुरू कर दिया और बस इस सफऱ पर निकला तो अब तक बढ़ रहा हूं.

आपने गायन के लिए भोजपुरी भाषा का ही चयन क्यों किया?

देखिए, मैं ठेठ गांव देहात का रहने वाला हूं, बिहार के भोजपुरी बहुल क्षेत्र से, हमारी बोली, भाषा, उठना-बैठना, हंसना-रोना सब कुछ भोजपुरी ही है. मां की गोद से गांव –जवार तक भोजपुरी से ही हमारा वास्ता रहा. वैसे भी मैं बहुत कम पढ़ा लिखा हूं. अपनी भाषा की मिठास मिसरी से भी अधिक मीठी लगती है मुझे.

अब भोजपुरी गांव-घर की भाषा की सीमा लांघ कर बाजार की भाषा के रूप में स्थापित हो गई है. इसमें भोजपुरी गीतों व फिल्मों का कितना योगदान है?

कहा जाता है कि संगीत की अपनी कोई भाषा नहीं होती, सुर, ताल और लयात्मकता उसे सहज संप्रेषणीय बना देते हैं. यही चीज भोजपुरी गीतों के साथ हुआ. इस भाषा और इसके संगीत के माधुर्य ने अपनी जगह बना ली. वैसे लोग भी भोजपुरी गीतों को गुनुनाते मिल जाते हैं, जिन्हें भोजपुरी नहीं आती. यहीं हाल फिल्मों के साथ भी हुआ, लेकिन इसकी गति धीमी थी. जैसे –जैसे तकनीक विकसित हुआ, टीवी चैनल आए, आडियो-वीडियो का जमाना आया इस भाषा और संगीत की विकास यात्रा उत्तरोतर बढ़ती गई.

आप भोजपुरी संगीत में अश्लीलता और द्विअर्थी गीतों के विरोधी रहे हैं, अच्छे खासे तादाद में लोग आपके इस मुहिम में साथ हैं. लेकिन यह समस्या जस की तस बरकरार है, क्या इससे भोजपुरी संगीत, समाज और संस्कृति पर नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता...

बिल्कूल पड़ता है. लेकिन इस समस्या से निजात के लिए मुट्ठी भर लोग काफी नहीं है. पूरे भोजपुरी समुदाय को इसके बारे में जागरुक होना होगा. लोगों को अश्लीलता और द्विअर्थी गीतों को नकारना होगा, जो सस्ती लोकप्रियता के लिए एक समृद्ध भाषा-संस्कृति की गरीमा के साथ खिलवाड़ करते हैं.

आखिर भोजपुरी में अश्लील गीतों का प्रचन बढ़ा कैसे?

भोजपुरी सिर्फ एक भाषा नहीं है, इसकी अपनी संस्कृति, संस्कार और सभ्यता है, भोजपुरी के लोकगायन में विरह-वेदना, पुरबी, सोहर, झुमर, निर्गुन जैसे राग है. इन रागों के आधार पर गीतों को श्रृंगार रस में परोसने की प्रक्रिया में कुछ लोग अतिवाद के शिकार हो गए. 80 के दशक के मध्य से हमारे एक समकक्ष गायक ने अश्लील और द्विअर्थी गीत गाना आरंभ किया और आज इसने संक्रमण का रूप ले लिया है. शुरुआत में लोग मजे लेकर सुनते थे लेकिन इस तरह के गीत-संगीत कालजयी नहीं होते. अब लोग नकारने लगे हैं.

इसके बावजूद.....

हां, हां, आगे की बात बता रहा हूं. आज पंद्रह से 20 साल के लड़के गीत लिख रहे हैं. उन्हें अभी जीवन के वसंत और पतझड़ का कोई अनुभव नहीं है. बस युवा उम्र के उच्छवास से प्रेरित हो कर वे अश्लीलता की ओर बढ़ जाते हैं. उनमें परिपक्वता की कमी है.

महेंद्र मिश्र और भिखारी ठाकुर जैसे भोजपुरी के पुरोधाओं ने भोजपुरी साहित्य व संगीत को काफी समृद्ध किया, लेकिन उनकी परपंरा को कोई आगे नहीं बढ़ा सका.

इससे भला कोई कैसे इनकार कर सकता है. जहां तक रही उनकी परंपरा को आगे बढ़ाने की बात, तो ऐसा नहीं है कि उस दिशा में काम नहीं हुआ, लेकिन उस समय में तकनीक का विकास उतना नहीं हुआ था, इसलिए बहुत सारी चीजे सामने नहीं आ सकी.

आपने गायन का प्रशिक्षण कहां से लिया? पहले तो आप सिर्फ रामायण गाया करते थे फिर लोकगायन के क्षेत्र में कैसे बढ़े?

विधिवत रूप से मैने गायन का कोई प्रशिक्षण नहीं लिया लेकिन हमारे गुरु जगदिश सिंह ने बहुत गुर सीखाए है. रामायण में भी दो गुटों के बीच गायन का दंगल होता था और उसमें रामायण के साथ अश्लील गानों की भी भरमार होती थी. यदि उसमें टिकना है तो उस माहौल के साथ तारतम्य बैठाना होगा, जो मुझे कबूल नहीं था. इसलिए मैं लोकगायन के क्षेत्र में बढ़ा.

आपकी पहली आडियो कैसेट कब बाजार में आई?

1989 में,

आप अपने शुरुआती दिनों के संघर्ष के बारे बताए.

वर्ष 1971 से हमने गायकी की शुरआत की. हम अपने गांव नगपुरा से कोलकाता गए और रामायण गाने लगे. वहीं “हिन्दुस्तान मोटर्स” में नौकरी भी लगी. जिन्दगी अपनी रौ में चलने लगी. लेकिन मेरा उद्देश्य कुछ अलग था. उस जमाने में कोलकाता सांस्कृतिक कर्मियों के लिए एक बेहतर मंच था. हमने सोचा कि वहां लोगों की संगत में हम भी कुछ सीख लेंगे. 1976 में हम धनबाद आ गये. तब तक रामायण की गायकी में हमने खासी शोहरत हासिल कर ली थी. हमारे समकक्ष उस समय शारदा सिन्हा और बालेश्वर थे. लेकिन उस समय तक हमारी कोई कैसेट बाजार में नहीं आई थी. मेरी पहली कैसेट आर-सिरीज से आई. पहला कैसेट “दाग कहाँ से पडी”, था. इसके अलावा और एक कैसेट था. दोनों के लिए मुझे बतौर पारिश्रमिक 1000 रुपये मिले थे. वे दिन मेरे लिए संघर्ष के थे. टी-सिरीज से पहली बार 1989 में “राजा, पिय जन गांजा”, “अइले मोर सजनवा”, और “राम जाने” तीन कैसेट आए. और इसी तरह जिन्दगी का सफर धूप-छाव के बीच गुजरता रहा.

आपने गायन के अलावा फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाए हैं, इसका कारण?

देखिए, मेरे उद्देश्य रहा है कि मैं भोजपुरी संस्कृति को आगे ले जाने के लिए अपने स्तर पर जिनता कर सकता हूं करु. तकनीक विकसित होता गया तो इसके लिए माध्यम सुलभ हुए और मैं इसका फायदा उठाना चाहता था. जो बाते संगीत के माध्यम से उतने बेहतर तरीके से संप्रेषित नहीं कि जा सकती थी उसे फिल्म के माध्यम से संप्रेषित करने की कोशिश की.

क्या भोजपुरी गीतों में अश्लीलता और फूहड़पन यूं ही बरकरार रहेगा?

नहीं, बिल्कूल नहीं, अब इसके दिन लदने वाले है. भोजपुरियां संगीत प्रेमी अब इसे नकार रहे हैं. उन्हें स्वस्थ व स्वच्छ चीजे चाहिए. आप देख सकते हैं कि जो लोग इस तरह के गाने ले कर आए, साल दो साल के बाद बाजार से बाहर हो गये. यह बताता है कि यदि टिके रहना है तो अश्लीलता और फूहड़पन का दामन छोड़ना होगा.

भोजपुरी प्रदेश की मांग लंबे समय से की जा रही है, हाल ही में उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने पूर्वांचल के गठन का प्रस्ताव रखा था. इसे आप किस रूप में देखते हैं?

भोजपुरी की अपनी समृद्ध परंपरा, संस्कृति-सभ्यता रही है. भोजपुरी प्रदेश का अवश्य गठन होना चाहिए, इसे नाम चाहे जो दिया जाए. बिहार के बक्सर से लेकर उत्तर प्रदेश के फैजाबाद तक भोजपुरी बोली जाती है. इस भाषा के साथ करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई लेकिन अब देखा जा रहा है राजनेता अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हैं. ऐसा नहीं होना चाहिए. यदि मायावती सही मायने में इस ओर सकारात्मक कदम उठाती है तो स्वागत योग्य है. हम उनका समर्थन करते हैं.

भोजपुरी में कई टीवी चैनल आ गए, पत्रिका प्रकाशित हो रही है, फिल्मों और गानों का विस्तृत बाजार मौजूद है. इसके बावजूद इस भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में अब तक शामिल नहीं किया गया. इसके बारे में आपकी क्या राय है?

निश्चित रूप से भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करना चाहिए. इसके लिए कई संगठन काम कर रहे हैं, लेकिन इस क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की रवैया उपेक्षापूर्ण है. हमलोग अखिल विश्व भोजपुरी समाज मंच के बैनर तले इसके लिए प्रयास कर रहे हैं. इस संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते मैं चाहता हूं कि ब्लॉक स्तर पर इसकी सब कमेटी बनाई जाए और लोगों में अपनी भाषा के प्रति जागरुकता ला कर इस भाषा आंदोलन को सशक्त बनाया जाए.

आप भोजपुरी के आईकान बन गए हैं. ऐसी स्थिति में आपके सार्वजनिक और निजी जीवन में क्या अंतर है.

अब हम लोगों का कुछ भी निजी नहीं है, जो है सो सब सार्वजनिक ही है.

आप अपने परिवार के विषय में कुछ बताना चाहेंगे?

परिवार के विषय में बताने लायक वैसा कुछ नहीं है.

(यह साक्षात्कार श्रीराजेश ने द संडे इंडियन पत्रिका के भोजपुरी संस्करण के लिए लिया था)